हरिद्वार: हरिद्वार के न्यू रामनगर कॉलोनी में शनिवार के दिन दिनदहाड़े कुछ बदमाशों ने एक आयुर्वेद डॉक्टर की आंखों में मिर्ची का पाउडर डाला और रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद वे वहां से ढाई लाख रुपए और एक सोने की चैन लेकर फरार हो गए। बाद में पुलिस को सूचित किया गया, पुलिस ने बताया कि, ज्वालापुर के कोतवाली क्षेत्र के न्यू रामनगर कॉलोनी में रहने वाले आयुर्वेद के डॉक्टर राजेंद्र अग्रवाल जिनकी उम्र 70 वर्ष है, वे घर पर ही क्लिनिक चलाते हैं।
जब शनिवार की दोपहर को लगभग डेढ़ बजे दो युवक पेट दर्द के बहाने उनके क्लिनिक में चले आए। उन्होंने डॉक्टर राजेंद्र अग्रवाल को परेशानी बताई और दावा भी ली। जिसके बाद दोनों क्लिनिक में बैठे रहे और पीने के लिए पानी मांगा। डॉक्टर की पत्नी विजया पानी लेने अंदर किचन में गई यही मौका देख दोनों बदमाशों ने डॉक्टर की आंखों में मिर्ची का पाउडर डाला। डॉक्टर की चीख सुन पत्नी अंदर से दौड़ी चली आई लेकिन बदमाशों ने उन्हें भी रस्सी से बांध दिया। जिसके बाद बदमाश वहां से ढाई लाख रुपए और एक सोने की चैन लूट फरार हो गए।
दिनदहाड़े इस प्रकार से की गई लूट से आस पड़ोस और पुलिस में अफरा तफरी मच गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। डॉक्टर और उनकी पत्नी से पूछताछ से पता चला कि इसी हफ्ते उनके पोते की शादी होनी है। शादी के लिए ही सारे रुपए निकाले हुए थे और सोने की चैन पोते की होने वाली पत्नी के लिए बनवा रखी थी। पुलीस अभी भी मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों को सख्त सजा दी जाए यही पीड़ितों की मांग है।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: पहले तीनों संतानों का गला घोंटा फिर खुद को फांसी लगा महिला ने पैदा की दहशत